Skip to content
The Believer's Library

Hindi Standard Bible

Hebrews 7 HSB

Side by side with the Father's Heart Bible™

मलिकिसिदक की महानता

1यह मलिकिसिदक शालेम का राजा और परमप्रधान परमेश्‍वर का याजक था। जब अब्राहम राजाओं का संहार करके लौट रहा था, तो इसी ने उससे भेंट करके उसे आशिष दी। 2इसी को अब्राहम ने सब वस्तुओं का दशमांश भी दिया। मलिकिसिदक अपने नाम के अनुसार पहले तो धार्मिकता का राजा है, और फिर शालेम का राजा अर्थात् शांति का राजा भी है। 3उसका न तो कोई पिता, न माता, और न ही कोई वंशावली है, उसके दिनों का न तो आरंभ है और न ही जीवन का अंत; परंतु परमेश्‍वर के पुत्र के सदृश्य ठहरकर वह सदा के लिए याजक बना रहता है।

4अब देखो कि वह कैसा महान था, जिसे कुलपति अब्राहम ने दशमांश के रूप में अपनी लूट का उत्तम भाग दिया। 5लेवी के पुत्रों में से जो याजक पद पाते हैं, उन्हें आज्ञा मिली है कि वे लोगों, अर्थात् अपने भाइयों से व्यवस्था के अनुसार दशमांश प्राप्‍त करें, भले ही वे अब्राहम के वंशज हैं। 6परंतु उसने, जो उनकी वंशावली में से भी नहीं था, अब्राहम से दशमांश प्राप्‍त किया और जिसे प्रतिज्ञाएँ मिली थीं, उसे आशिष दी। 7इसमें कोई संदेह नहीं कि छोटा बड़े से आशिष पाता है। 8यहाँ तो नश्‍वर मनुष्य दशमांश लेते हैं, परंतु वहाँ वही लेता है जिसकी साक्षी दी जाती है कि वह जीवित है। 9अतः यह कहा जा सकता है कि स्वयं लेवी ने, जो दशमांश लेता है, अब्राहम के द्वारा दशमांश दिया। 10क्योंकि जिस समय मलिकिसिदक ने उसके पिता अब्राहम से भेंट की, उस समय वह अपने पिता की देह में ही था।

मलिकिसिदक के सदृश याजक

11अब यदि सिद्धता लेवीय याजक पद के द्वारा प्राप्‍त होती (क्योंकि इसी आधार पर लोगों को व्यवस्था प्राप्‍त हुई थी), तो फिर किसी दूसरे याजक के खड़े होने की क्या आवश्यकता थी जो हारून की रीति के अनुसार न होकर मलिकिसिदक की रीति के अनुसार हो? 12जब याजक पद बदला जाता है, तो व्यवस्था का भी बदला जाना आवश्यक है। 13क्योंकि जिसके विषय में ये बातें कही जाती हैं, वह किसी अन्य गोत्र का है, जिसमें से किसी ने भी वेदी की सेवा नहीं की। 14यह स्पष्‍ट है कि हमारा प्रभु यहूदा के गोत्र में से आया है, और उस गोत्र के विषय में मूसा ने याजक-संबंधी कोई बात नहीं कही।

15यह बात तब और भी अधिक स्पष्‍ट हो जाती है, जब मलिकिसिदक के समान कोई ऐसा याजक खड़ा हो जाता है, 16जो शारीरिक आज्ञा की व्यवस्था के अनुसार नहीं बल्कि अविनाशी जीवन के सामर्थ्य के अनुसार नियुक्‍त हुआ है। 17उसके विषय में यह साक्षी दी गई है :तू मलिकिसिदक की रीति के अनुसारसदा के लिए याजक है।

18जहाँ एक ओर पहली आज्ञा निर्बल और निष्फल होने के कारण रद्द हो गई— 19क्योंकि व्यवस्था ने किसी को सिद्ध नहीं किया—वहीं दूसरी ओर एक उत्तम आशा रखी गई जिसके द्वारा हम परमेश्‍वर के निकट आते हैं।

20मसीह की नियुक्‍ति बिना शपथ के नहीं हुई। याजक तो बिना शपथ के ही नियुक्‍त होते थे, 21परंतु वह शपथ के साथ उसके द्वारा नियुक्‍त किया गया जिसने उससे कहा :प्रभु ने शपथ खाई हैऔर वह अपना मन न बदलेगा,“तू सदा के लिए याजक है।”

22इस प्रकार यीशु एक उत्तम वाचा का ज़ामिन ठहरा है। 23अब याजक पद पर रहनेवालों की संख्या तो बड़ी है, क्योंकि मृत्यु ने उन्हें रहने नहीं दिया; 24परंतु यीशु सदा के लिए बना रहता है, इस कारण उसका याजक पद अटल है। 25अतः जो उसके द्वारा परमेश्‍वर के पास आते हैं, वह उनका सदा के लिए उद्धार करने में समर्थ है, क्योंकि वह उनकी ओर से विनती करने के लिए सर्वदा जीवित है।

26हमारे लिए ऐसा ही महायाजक उपयुक्‍त था जो पवित्र, निर्दोष, निर्मल, पापियों से अलग, और स्वर्ग से भी ऊँचा हो। 27उसे अन्य महायाजकों के समान प्रतिदिन पहले अपने पापों के लिए और फिर लोगों के पापों के लिए बलिदान चढ़ाने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि उसने अपने आपको बलिदान चढ़ाकर यह कार्य सदा के लिए एक ही बार में पूरा कर दिया है। 28व्यवस्था तो निर्बल मनुष्यों को महायाजक नियुक्‍त करती है, परंतु शपथ का वह वचन, जो व्यवस्था के बाद आया, उस पुत्र को नियुक्‍त करता है जो सदा के लिए सिद्ध किया गया है।

HINDI STANDARD BIBLE© Copyright © 2023 by Global Bible Initiative
Hindi Standard Bible · Creative Commons - Attribution-NonCommercial [CC BY-NC]