Skip to content
The Believer's Library

Hindi Standard Bible

Leviticus 10 HSB

Side by side with the Father's Heart Bible™

नादाब और अबीहू

1तब हारून के पुत्रों, नादाब और अबीहू ने अपना-अपना धूपदान लिया, और उसमें आग भरकर धूप को डाला। उन्होंने यहोवा के सम्मुख ऐसी आग अर्पित की जिसकी आज्ञा यहोवा ने नहीं दी थी। 2तब यहोवा के सामने से आग निकली और उन्हें भस्म कर दिया, और वे यहोवा के सामने मर गए। 3तब मूसा ने हारून से कहा, “यहोवा ने यही बात कही थी कि जो मेरे निकट आए वह मुझे पवित्र जाने, और सब लोगों के सामने मेरी महिमा हो।” इस पर हारून चुप रहा।

4तब मूसा ने हारून के चाचा उज्‍जीएल के पुत्रों अर्थात् मीशाएल और एलसाफान को बुलाकर कहा, “यहाँ आओ, और अपने भतीजों को पवित्रस्थान के सामने से उठाकर छावनी के बाहर ले जाओ।” 5वे आए, और मूसा की आज्ञा के अनुसार उनके अंगरखों में ही उन्हें उठाकर छावनी के बाहर ले गए। 6तब मूसा ने हारून तथा उसके पुत्रों अर्थात् एलीआज़ार और ईतामार से कहा, “तुम अपने सिर के बाल मत बिखराओ और न अपने वस्‍त्र फाड़ो, कहीं ऐसा न हो कि तुम भी मर जाओ, और सारी मंडली पर यहोवा का क्रोध भड़क उठे। जिन्हें यहोवा ने भस्म किया है उनके लिए केवल तुम्हारे संबंधी अर्थात् इस्राएल का संपूर्ण घराना ही विलाप करे। 7तुम मिलापवाले तंबू के द्वार के बाहर न जाना, ऐसा न हो कि तुम मर जाओ, क्योंकि यहोवा के अभिषेक का तेल तुम पर लगा हुआ है।” अतः उन्होंने मूसा के वचन के अनुसार किया।

याजकों के लिए नियम

8फिर यहोवा ने हारून से कहा, 9“जब कभी तू या तेरे साथ तेरे पुत्र मिलापवाले तंबू में आएँ, तब तुममें से कोई न तो दाखमधु पीए और न किसी प्रकार की मदिरा, कहीं ऐसा न हो कि तुम मर जाओ। तुम्हारी पीढ़ी-पीढ़ी में यह सदा की विधि रहे, 10जिससे तुम पवित्र और अपवित्र में, तथा शुद्ध और अशुद्ध मे अंतर कर सको, 11और इस्राएलियों को वे सब विधियाँ सिखा सको जो यहोवा ने मूसा के द्वारा उन्हें बताई हैं।”

12फिर मूसा ने हारून और उसके बचे हुए पुत्रों, ईतामार और एलीआज़ार से कहा, “यहोवा की अग्‍निबलियों में से जो अन्‍नबलि बची है उसे लेकर वेदी के पास बिना ख़मीर के खाओ, क्योंकि वह परमपवित्र है। 13तुम उसे किसी पवित्रस्थान में खाना, क्योंकि वह यहोवा की अग्‍निबलियों में से तेरा और तेरे पुत्रों का भाग है; मुझे यही आज्ञा मिली है। 14परंतु हिलाए जाने की भेंट की छाती और उठाए जाने की भेंट की जाँघ को तू अपने बेटे-बेटियों के साथ किसी शुद्ध स्थान में खाना; क्योंकि वे इस्राएलियों के मेलबलियों में से तेरा और तेरी संतान का भाग ठहरा दी गई हैं। 15वे उठाए जाने की भेंट की जाँघ, और हिलाए जाने की भेंट की छाती को चरबी के टुकड़ों की अग्‍निबलियों के साथ यहोवा के सामने हिलाए जाने की भेंट के रूप में लेकर आएँ। यहोवा की आज्ञा के अनुसार यह सर्वदा के लिए तेरा और तेरी संतान का भाग होगा।”

16फिर मूसा ने पापबलि के बकरे के विषय में पूछताछ की, तो पाया कि उसे जला दिया गया है। इस कारण वह हारून के बचे हुए पुत्रों एलीआज़ार और ईतामार पर क्रोधित हुआ, और कहा, 17“तुमने पापबलि के मांस को पवित्रस्थान में क्यों नहीं खाया? वह तो परमपवित्र है, और यहोवा ने तुम्हें वह इसलिए दिया था कि तुम मंडली के अधर्म को अपने ऊपर लेकर उनके लिए यहोवा के सामने प्रायश्‍चित्त करो। 18देखो, उसका लहू तो पवित्रस्थान के भीतर लाया ही नहीं गया; जैसे कि मैंने तुम्हें आज्ञा दी थी, तुम्हें उसका मांस पवित्रस्थान में ही खाना चाहिए था।” 19परंतु हारून ने मूसा से कहा, “देख, आज ही उन्होंने अपनी पापबलि और होमबलि यहोवा के सम्मुख चढ़ाई है, और मुझ पर ऐसी विपत्तियाँ आ पड़ी हैं। यदि मैं आज ही पापबलि का मांस खाता तो क्या यह बात यहोवा की दृष्‍टि में उचित होती?” 20जब मूसा ने यह सुना तो उसकी दृष्‍टि में यह उचित लगा।

HINDI STANDARD BIBLE© Copyright © 2023 by Global Bible Initiative
Hindi Standard Bible · Creative Commons - Attribution-NonCommercial [CC BY-NC]