Skip to content
The Believer's Library

Hindi Standard Bible

Hebrews 9 HSB

Side by side with the Father's Heart Bible™

पुरानी वाचा की सेवा

1अब पहली वाचा में भी सेवा के नियम थे, और पृथ्वी का पवित्र स्थान था। 2एक तंबू बनाया गया, जिसके बाहरी भाग में जो पवित्र स्थान कहलाता था, दीवट, मेज़ और भेंट की रोटियाँ होती थीं। 3दूसरे परदे के पीछे तंबू का वह भाग था जो परम पवित्र स्थान कहलाता था। 4उसमें धूप जलाने के लिए सोने की एक वेदी और चारों ओर से सोने से मढ़ा हुआ वाचा का संदूक था, जिसमें मन्‍ना से भरा हुआ सोने का मर्तबान, हारून की अंकुरित हुई लाठी और वाचा की पटियाँ थीं। 5संदूक के ऊपर तेजोमय करूब थे जो प्रायश्‍चित्त के ढक्‍कन पर छाया किए हुए थे। इनका विस्तार से वर्णन करना अभी संभव नहीं है।

6इन वस्तुओं के इस प्रकार व्यवस्थित होने के बाद याजक तंबू के बाहरी भाग में नियमित रूप से प्रवेश करके सेवाकार्य को संपन्‍न करते हैं, 7परंतु भीतरी भाग में केवल महायाजक प्रवेश कर सकता है, और वह भी वर्ष में एक ही बार। वह इसमें लहू लिए बिना नहीं जाता, जिसे वह अपने लिए और लोगों द्वारा अनजाने में किए गए पापों के लिए चढ़ाता है। 8इससे पवित्र आत्मा यह दर्शाता है कि जब तक बाहरी तंबू खड़ा है, परम पवित्र स्थान का मार्ग प्रकट नहीं है। 9यह वर्तमान समय के लिए एक प्रतीक है, जिसके अनुसार ऐसी भेंट और बलिदान चढ़ाए जाते हैं, जो आराधना करनेवाले के विवेक को सिद्ध नहीं कर सकते; 10क्योंकि ये केवल खाने-पीने और भाँति-भाँति की स्‍नान-विधियों से संबंधित शारीरिक नियम हैं, जो सुधार के समय तक के लिए ही निर्धारित हैं।

नई वाचा की सेवा

11परंतु जब मसीह आने वाली अच्छी बातों के महायाजक के रूप में प्रकट हुआ, तो उसने और भी श्रेष्‍ठ तथा सिद्ध तंबू से होकर प्रवेश किया, जो हाथों का बनाया हुआ अर्थात् इस सृष्‍टि का नहीं है। 12उसने बकरों और बछड़ों के लहू के द्वारा नहीं परंतु अपने ही लहू के द्वारा सदा के लिए एक ही बार परम पवित्र स्थान में प्रवेश करके हमारे लिए अनंत छुटकारा प्राप्‍त किया। 13क्योंकि यदि बकरों और बैलों का लहू तथा कलोर की राख का अशुद्ध लोगों पर छिड़का जाना उन्हें देह की शुद्धता के लिए पवित्र करता है, 14तो मसीह, जिसने अपने आपको अनंत आत्मा के द्वारा परमेश्‍वर के सामने निर्दोष चढ़ा दिया, उसका लहू हमारे विवेक को मरे हुए कार्यों से कितना अधिक शुद्ध करेगा ताकि हम जीवित परमेश्‍वर की सेवा कर सकें।

15इसी कारण मसीह नई वाचा का मध्यस्थ है ताकि उसकी मृत्यु के द्वारा, जो पहली वाचा के अंतर्गत अपराधों से छुटकारे के लिए हुई है, बुलाए हुए लोग प्रतिज्ञा के अनंत उत्तराधिकार को प्राप्‍त करें। 16जहाँ वसीयतनामा है, वहाँ उसके लिखनेवाले की मृत्यु का होना भी आवश्यक है; 17क्योंकि मृत्यु के बाद ही वसीयतनामा मान्य होता है। जब तक वसीयत लिखनेवाला जीवित है तब तक वसीयतनामा प्रभावी नहीं होता। 18इस कारण, पहली वाचा भी लहू के बिना नहीं बाँधी गई; 19जब मूसा सब लोगों को व्यवस्था की प्रत्येक आज्ञा सुना चुका, तो उसने बछड़ों और बकरों के लहू को पानी के साथ लेकर, उसे लाल ऊन तथा जूफे से व्यवस्था की पुस्तक और सब लोगों पर छिड़क दिया 20और कहा : यह उस वाचा का लहू है जिसका पालन करने की आज्ञा परमेश्‍वर ने तुम्हें दी है। 21इसी प्रकार उसने तंबू और सेवा के सब पात्रों पर लहू छिड़का। 22व्यवस्था के अनुसार प्रायः सब वस्तुएँ लहू के द्वारा शुद्ध की जाती हैं, और बिना लहू बहाए पापों की क्षमा है ही नहीं।

23इसलिए आवश्यक था कि स्वर्ग की वस्तुओं के प्रतिरूप इन बलिदानों के द्वारा शुद्ध किए जाते, परंतु स्वर्गीय वस्तुएँ स्वयं इनसे भी उत्तम बलिदानों के द्वारा शुद्ध की जातीं। 24क्योंकि मसीह ने हाथों से बने उस पवित्र स्थान में, जो सच्‍चे पवित्र स्थान का प्रतिरूप है, प्रवेश नहीं किया, बल्कि स्वर्ग में ही प्रवेश किया कि अब हमारे लिए परमेश्‍वर के सामने प्रकट हो। 25इसलिए नहीं कि वह अपने आपको बार-बार चढ़ाए—जिस प्रकार महायाजक प्रतिवर्ष दूसरे का लहू लेकर पवित्र स्थान में प्रवेश करता है— 26अन्यथा उसे जगत की उत्पत्ति से बार-बार दुःख उठाना पड़ता; परंतु अब वह युग के अंत में एक ही बार प्रकट हुआ कि अपने बलिदान के द्वारा पाप को मिटा दे। 27जिस प्रकार सब मनुष्यों के लिए एक बार मरना और उसके बाद न्याय का होना निर्धारित है, 28उसी प्रकार मसीह भी बहुतों के पापों को उठा लेने के लिए एक ही बार बलिदान हुआ; और दूसरी बार वह पाप उठाने के लिए नहीं बल्कि उनके उद्धार के लिए प्रकट होगा, जो उसकी प्रतीक्षा करते हैं।

HINDI STANDARD BIBLE© Copyright © 2023 by Global Bible Initiative
Hindi Standard Bible · Creative Commons - Attribution-NonCommercial [CC BY-NC]