Skip to content
The Believer's Library

Hindi Standard Bible

1 John 4 HSB

Side by side with the Father's Heart Bible™

सत्य का आत्मा और धोखे की आत्मा

1हे प्रियो, हर एक आत्मा पर विश्‍वास न करो, बल्कि आत्माओं को परखो कि वे परमेश्‍वर की ओर से हैं या नहीं, क्योंकि बहुत से झूठे भविष्यवक्‍ता जगत में निकल पड़े हैं। 2तुम परमेश्‍वर के आत्मा को इससे जान सकते हो : हर एक आत्मा जो मानती है कि यीशु मसीह देह में होकर आया है, वह परमेश्‍वर की ओर से है, 3और प्रत्येक आत्मा जो यीशु को नहीं मानती, वह परमेश्‍वर की ओर से नहीं है; और यही मसीह-विरोधी की आत्मा है जिसके विषय में तुम सुन चुके हो कि वह आने पर है और अब तो जगत में ही है। 4बच्‍चो, तुम परमेश्‍वर के हो और तुमने झूठे भविष्यवक्‍ताओं पर जय पाई है, क्योंकि जो तुममें है वह उससे जो संसार में है, कहीं अधिक बढ़कर है। 5वे संसार के हैं; इस कारण वे संसार की बातें बोलते हैं और संसार उनकी सुनता है। 6हम परमेश्‍वर के हैं। जो परमेश्‍वर को जानता है वह हमारी सुनता है, जो परमेश्‍वर का नहीं है वह हमारी नहीं सुनता। इसी से हम सत्य के आत्मा और भ्रम की आत्मा को जान लेते हैं।

प्रेम के द्वारा परमेश्‍वर को जानना

7हे प्रियो, हम एक दूसरे से प्रेम रखें, क्योंकि प्रेम परमेश्‍वर से है, और प्रत्येक जो प्रेम रखता है वह परमेश्‍वर से उत्पन्‍न‍ हुआ है और परमेश्‍वर को जानता है। 8जो प्रेम नहीं रखता, वह परमेश्‍वर को नहीं जानता, क्योंकि परमेश्‍वर प्रेम है। 9परमेश्‍वर का प्रेम हमारे बीच इससे प्रकट हुआ कि परमेश्‍वर ने अपने एकलौते पुत्र को जगत में भेज दिया कि हम उसके द्वारा जीवित रहें। 10प्रेम इसमें नहीं कि हमने परमेश्‍वर से प्रेम रखा, बल्कि इसमें है कि परमेश्‍वर ने हमसे प्रेम रखा और अपने पुत्र को हमारे पापों के प्रायश्‍चित्त के लिए भेजा। 11प्रियो, जब परमेश्‍वर ने हमसे ऐसा प्रेम रखा, तो हमें भी आपस में प्रेम रखना चाहिए। 12परमेश्‍वर को कभी किसी ने नहीं देखा। यदि हम आपस में प्रेम रखते हैं, तो परमेश्‍वर हममें बना रहता है और उसका प्रेम हममें सिद्ध हो चुका है।

13उसने अपने आत्मा में से हमें दिया है, इसलिए हम जानते हैं कि हम उसमें बने रहते हैं और वह हममें। 14हमने देखा और साक्षी देते हैं कि पिता ने पुत्र को जगत का उद्धारकर्ता होने के लिए भेजा। 15जो कोई यह मान लेता है कि यीशु परमेश्‍वर का पुत्र है, परमेश्‍वर उसमें बना रहता है और वह परमेश्‍वर में। 16जो प्रेम परमेश्‍वर हमसे रखता है उसे हम जान गए हैं, और हमने उस पर विश्‍वास किया है। परमेश्‍वर प्रेम है, और जो प्रेम में बना रहता है वह परमेश्‍वर में बना रहता है और परमेश्‍वर उसमें बना रहता है।

17इससे प्रेम हममें सिद्ध हुआ है ताकि न्याय के दिन हमें साहस हो, क्योंकि जैसे वह है वैसे ही इस जगत में हम भी हैं। 18प्रेम में भय नहीं होता बल्कि सिद्ध प्रेम भय को दूर करता है। क्योंकि भय का संबंध दंड से है और जिसको भय है वह प्रेम में सिद्ध नहीं हुआ। 19हम इसलिए प्रेम रखते हैं, क्योंकि उसने पहले हमसे प्रेम रखा।

परमेश्‍वर की आज्ञाओं का पालन करना

20यदि कोई कहे, “मैं परमेश्‍वर से प्रेम रखता हूँ” और अपने भाई से घृणा करे तो वह झूठा है। क्योंकि जो अपने उस भाई से प्रेम नहीं रखता जिसे उसने देखा है, तो वह उस परमेश्‍वर से प्रेम नहीं रख सकता जिसे उसने नहीं देखा। 21हमें उससे यह आज्ञा मिली है कि जो परमेश्‍वर से प्रेम रखता है वह अपने भाई से भी प्रेम रखे।

HINDI STANDARD BIBLE© Copyright © 2023 by Global Bible Initiative
Hindi Standard Bible · Creative Commons - Attribution-NonCommercial [CC BY-NC]