Skip to content
The Believer's Library

Hindi Standard Bible

2 Corinthians 12 HSB

Side by side with the Father's Heart Bible™

मसीह का अनुग्रह पर्याप्‍त है

1अब मुझे गर्व करना ही होगा। यद्यपि इससे लाभ नहीं, फिर भी मैं प्रभु के दर्शनों और प्रकाशनों की चर्चा करूँगा। 2मैं मसीह में एक ऐसे मनुष्य को जानता हूँ जो चौदह वर्ष पहले तीसरे स्वर्ग तक उठा लिया गया, न जाने देह-सहित या देह-रहित, परमेश्‍वर ही जानता है; 3और मैं जानता हूँ कि यही मनुष्य, न जाने देह-सहित या देह-रहित, परमेश्‍वर जानता है, 4स्वर्गलोक पर उठा लिया गया, और उसने ऐसी बातें सुनीं जो वर्णन से बाहर है, और जिन्हें बोलने की अनुमति मनुष्य को नहीं। 5ऐसे मनुष्य पर तो मैं गर्व करूँगा, परंतु अपनी निर्बलताओं को छोड़ मैं अपने आप पर गर्व न करूँगा। 6यदि मैं गर्व करना भी चाहूँ, तो मूर्ख न ठहरूँगा, क्योंकि मैं सच ही कहूँगा। परंतु मैं ऐसा नहीं करूँगा ताकि कोई मुझे उससे बढ़कर न समझे जैसा वह मुझे देखता या मुझसे सुनता है; 7और प्रकाशनों की अधिकता के कारण कहीं मैं घमंड न करने लगूँ, इसलिए मेरी देह में एक काँटा चुभाया गया है, अर्थात् शैतान का एक दूत कि वह मुझे घूँसे मारे, ताकि मैं घमंड न करूँ। 8इस विषय में मैंने प्रभु से तीन बार विनती की कि वह मुझसे दूर हो जाए; 9परंतु उसने मुझसे कहा,“मेरा अनुग्रह तेरे लिए पर्याप्‍त है, क्योंकि मेरा सामर्थ्य निर्बलता में सिद्ध होता है।” अतः मैं बड़े हर्ष के साथ अपनी निर्बलताओं पर और भी अधिक गर्व करूँगा, ताकि मसीह का सामर्थ्य मुझ पर बना रहे। 10इस कारण मसीह के लिए मैं निर्बलताओं में, अपमानों में, कठिनाइयों में, सतावों और विपत्तियों में प्रसन्‍न हूँ; क्योंकि जब मैं निर्बल होता हूँ, तभी बलवान होता हूँ।

कुरिंथियों के लिए पौलुस की चिंता

11मैं मूर्ख बन गया हूँ, तुमने ही मुझे इसके लिए विवश किया है; वास्तव में तुम्हें तो मेरी प्रशंसा करनी चाहिए थी। यद्यपि मैं कुछ भी नहीं हूँ, फिर भी उन महाप्रेरितों से किसी भी प्रकार से कम नहीं हूँ। 12प्रेरित होने के लक्षण भी तुम्हारे बीच चिह्‍नों, अद्भुत कार्यों और सामर्थ्य के कार्यों के द्वारा बड़े धीरज के साथ प्रदर्शित किए गए। 13किस बात में तुम अन्य कलीसियाओं से कम थे, केवल इसमें कि मैं तुम पर बोझ न बना? मेरी इस भूल को क्षमा करो। 14देखो, मैं तीसरी बार तुम्हारे पास आने को तैयार हूँ, और मैं तुम पर बोझ नहीं बनूँगा; क्योंकि मैं तुम्हारी वस्तुओं को नहीं बल्कि तुम्हें चाहता हूँ। बच्‍चों को माता-पिता के लिए नहीं बल्कि माता-पिता को बच्‍चों के लिए धन इकट्ठा करना चाहिए। 15मैं तुम्हारी आत्माओं के लिए बड़े हर्ष के साथ खर्च करूँगा और स्वयं भी खर्च हो जाऊँगा। यदि मैं तुमसे अधिक प्रेम रखता हूँ, तो क्या मुझसे कम प्रेम रखा जाएगा? 16ठीक है, मैंने तुम पर बोझ नहीं डाला; फिर भी कोई कहता है कि मैं चालाक हूँ और मैंने छल से तुम्हें फँसा लिया। 17मैंने जिनको तुम्हारे पास भेजा था, क्या उनके द्वारा मैंने तुमसे कोई अनुचित लाभ उठाया? 18मैंने तीतुस से जाने का आग्रह किया और उसके साथ एक भाई को भी भेजा। क्या तीतुस ने तुमसे कोई अनुचित लाभ उठाया? क्या हम उसी आत्मा में नहीं चले? क्या हम उन्हीं पद-चिह्‍नों पर नहीं चले?

19क्या तुम अब तक यही सोच रहे हो कि हम तुम्हारे सामने अपना बचाव कर रहे हैं? हम परमेश्‍वर को उपस्थित जानकर मसीह में बोलते हैं; और हे प्रियो, यह सब तुम्हारी ही उन्‍नति के लिए है। 20मुझे डर है, कहीं ऐसा न हो कि जब मैं तुम्हारे पास आऊँ तो तुम्हें वैसा पाऊँ जैसा मैं नहीं चाहता, और तुम भी मुझे वैसा पाओ जैसा तुम नहीं चाहते; ऐसा न हो कि तुममें झगड़े, ईर्ष्या, क्रोध, स्वार्थ, निंदा, चुगली, अहंकार और उपद्रव हों। 21मुझे डर है, कहीं ऐसा न हो कि जब मैं फिर से आऊँ तो मेरा परमेश्‍वर मुझे तुम्हारे सामने लज्‍जित करे, और मैं उन बहुतों के लिए शोक करूँ जिन्होंने पाप किया है और अपनी अशुद्धता, व्यभिचार और कामुकता के कार्यों से पश्‍चात्ताप नहीं किया।

HINDI STANDARD BIBLE© Copyright © 2023 by Global Bible Initiative
Hindi Standard Bible · Creative Commons - Attribution-NonCommercial [CC BY-NC]